Jharkhand

साइबर अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, पथराव के बीच आरोपी को छुड़ाकर ले गए लोग, जानिए कहां का है मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में देर रात हुई इस घटना में ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर जमकर पथराव किया और पुलिस की गिरफ्त से आरोपी को छुड़ाने में सफल रहे. हालांकि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचा है.

जानकारी के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम साइबर अपराधी चूरामन मंडल की गिरफ्तारी के लिए बुधवार देर रात चिकसोरिया गांव पहुंची थी. बताया जा रहा है कि चूरामन मंडल मूल रूप से चमलिट्टी गांव का निवासी है और उसका ससुराल चिकसोरिया गांव में है. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने ससुराल आया हुआ है, जिसके आधार पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान जैसे ही ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों को पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिली, गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ पुलिस पर हमला कर दिया. पथराव में साइबर थाना की गाड़ी के शीशे टूट गए.

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही गांडेय के इंस्पेक्टर समेत कई थानों की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. लेकिन इस अफरा-तफरी के बीच ग्रामीण आरोपी चूरामन मंडल को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने में सफल रहे. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट : दिनेश रजक