Jharkhand

BREAKING: गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कार और बाइक की टक्कर में मासूम की मौत, पति-पत्नी घायल

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
BREAKING: गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कार और बाइक की टक्कर में मासूम की मौत, पति-पत्नी घायल

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.जहां डुमरी थाना क्षेत्र के जामतारा पंचायत अंतर्गत पिपराडीह के पास दो कार और एक बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी समेत एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.

शादी समारोह में जाने के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार, बाइक पर एक परिवार सवार था जो किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए खांखी से बेरगी जा रहा था. इसी दौरान पिपराडीह के पास एक कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े.इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य कार भी अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आ गई, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया.

मासूम की मौत दो लोग घायल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे.सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.अस्पताल में चिकित्सकों ने एक मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया.वहीं गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी और एक अन्य बच्चे का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

दोनों कारों में सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल दोनों कारों में सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है. हालांकि हादसे के बाद सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ.घटना के बाद मृत बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट- दिनेश कुमार रजक