Jharkhand

गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, बस की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के गावां-सतगावां मुख्य मार्ग स्थित अंतरो पुल से सड़क हादसे का मामला सामने आया है जिसमें 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान गावां थाना क्षेत्र के खजिया गांव निवासी मनोज यादव के पुत्र पियूष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रविवार को पियूष बाइक से आलमपुर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही गंगा डीलक्स नामक बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई. हादसे में सिर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी.

परिजन गंभीर रूप से घायल पियूष को तत्काल बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां लेकर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. शहंशाह खान ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह रेफर कर दिया. लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को मजबूरी में घायल किशोर को दोबारा बाइक से ही गिरिडीह ले जाना पड़ा. बताया गया कि रास्ते में जमुआ पहुंचने से पहले ही पियूष ने दम तोड़ दिया. समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने की बात को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई.

घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा गंगा डीलक्स बस को जब्त कर थाना ले गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इधर, पियूष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.