गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद आज यानि की सोमवार को उनके अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को विसर्जित किया गया है. ऐसे में आज सुबह उनके बेटे श्रेयश ने गिरीडीह स्थित बराकर नदी में पिता की अस्थियों को विसर्जित किया है. इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, करीबी सहयोगी और शुभचिंतक भी मौजूद रहे. वहीं अस्थि विसर्जन के दौरान बराकर नदी तट का माहौल बेहद गमगीन नजर आया जहां हर किसी की आँखें नम थीं. वहीं धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच बेटे श्रेयश ने वैदिक नियमों के तहत अपने पिता की अस्थियों को बराकर नदी में प्रवाहित किया है. इस दौरान पिता को अंतिम विदाई देते वक्त उनकी आंखों में आंसू थे. वहां मौजूद परिवार के करीबी लोगों और शुभचिंतकों के लिए भी यह पल बेहद भावुक रहा.
बताते चलें कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हो गया था. ऐसे में रविवार को गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए थे. लोगों ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी. सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के गिरिडीह सदर विधायक होने के साथ राज्य सरकार में मंत्री भी थे. लंबे राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने संगठन और सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं. उनके निधन के बाद JMM कार्यकर्ताओं, समर्थकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार श्रद्धांजलि दी जा रही है.
सोमवार को बराकर नदी में अस्थि विसर्जन के साथ अंतिम संस्कार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक संस्कार पूरा हुआ. इस मौके पर मौजूद लोगों ने दिवंगत मंत्री को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. सुदिव्य कुमार सोनू के समर्थकों का कहना है कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आम लोगों से जुड़कर काम किया और क्षेत्र के विकास के मुद्दों को लगातार उठाया. उनके आकस्मिक निधन से गिरिडीह ही नहीं, बल्कि झारखंड की राजनीति में भी एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है. सोमवार को बराकर नदी के तट पर भी लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
