गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड को बने 26 साल हो गए हैं, लेकिन आज भी सरकार बड़े-बड़े दावे करने में ही व्यस्त नजर आती है. दावे और वादे तो खूब किए जाते हैं, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने की बारी आती है, तो व्यवस्था अक्सर नाकाम साबित होती है. ताजा मामला गिरिडीह का है, जहां एक सफाईकर्मी की मौत हो गई. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस सफाईकर्मी ने अपनी पूरी जिंदगी शहर को साफ रखने में लगा दी, उसी की मौत के बाद उसका शव कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हैरानी की बात यह है कि शव वाहन मौजूद होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं किया गया. ऐसे में सवाल उठता है की इन 26 सालों में झारखंड में सरकार ने किया क्या. सरकारें बदलीं, विकास के दावे बदले, योजनाओं के नाम बदले और मंचों से जनता को बेहतर व्यवस्था देने के वादे भी खूब किए गए. लेकिन सवाल यह है कि क्या विकास के ये दावे वास्तव में जमीन पर उतर रहे हैं? क्या व्यवस्था उन लोगों तक भी पहुंच रही है, जो रोज अपनी मेहनत से शहर और समाज को बेहतर बनाने में जुटे रहते हैं?
जिसने शहर साफ किया, उसे विदाई भी सम्मान से नहीं मिली
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे. तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन जिस तरीके से शव को अस्पताल लाया गया, उसने लोगों को हैरान और आक्रोशित कर दिया. सोनू का शव कचरा उठाने वाली गाड़ी में रखा हुआ था. सबसे हैरानी की बात यह है कि नगर निगम के पास तीन शव वाहन उपलब्ध हैं. यानी शव को ले जाने के लिए अलग व्यवस्था मौजूद थी. इसके बावजूद उसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया, यह सवाल अब निगम की कार्यशैली पर खड़ा हो रहा है. आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि एक सफाईकर्मी के शव को कचरा गाड़ी से ले जाना पड़ा? क्या जिम्मेदारों को यह सामान्य लगा, या फिर एक कर्मचारी की मौत के बाद उसके सम्मान का ख्याल रखना जरूरी नहीं समझा गया?
क्या सफाईकर्मी की पहचान सिर्फ उसके काम तक सीमित है?
सोनू हाड़ी भी किसी परिवार का बेटा था. उसकी भी अपनी जिंदगी, सपने और जिम्मेदारियां थीं. जिस शहर को साफ रखने के लिए वह रोज मेहनत करता था, उसी शहर की व्यवस्था उसकी मौत के बाद उसे सम्मानजनक विदाई तक नहीं दे सकी. यह घटना बताती है कि योजनाएं और संसाधन होने भर से व्यवस्था संवेदनशील नहीं बनती. जब जरूरत के वक्त संसाधन इस्तेमाल ही न हों, तो बड़े-बड़े दावे भी खोखले नजर आने लगते हैं.
नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए इसे शर्मनाक बताया है. उन्होंने जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है. लेकिन सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं, जवाबदेही का भी है. आखिर सोनू के शव को कचरा गाड़ी से क्यों लाया गया? जांच में इस सवाल का जवाब मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी कर्मचारी को ऐसी अपमानजनक स्थिति का सामना न करना पड़े.
