गिरिडीह (GIRIDIH): जिले से नक्सली को लेकर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है. पारसनाथ पहाड़ी के आसपास नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त सर्च ऑपरेशन में पीरटांड़ क्षेत्र के जिरवाबेड़ा जंगल के पास से एक केन बम, ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के 38 अर्धनिर्मित शेल और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से जंगल में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है. इसी सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस के मुताबिक, गुप्त मिली सूचना के बाद गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और CRPF की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी के निर्देश पर संयुक्त टीम बनाई गई. अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और CRPF के द्वितीय कमान पदाधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में जवानों ने जिरवाबेड़ा जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया. तलाशी के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने पर उसे बरामद कर लिया गया. सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
बता दें, अभियान के दौरान एक केन बम के अलावा करीब 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल, लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल, विस्फोटक उपकरण बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और एक इमरजेंसी लाइट जब्त की गई. अभियान में खुखरा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मणिलाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सिंह, CRPF की क्विक एक्शन टीम और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे. बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस जांच कर रही है. हालांकि, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है.
