☰
Jharkhand

लोहरदगा: बरवाटोली में ट्रक की चपेट में आई स्कूटी, दो लोगों की मौके पर मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

लोहरदगा(LOHARDAGA): शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बरवाटोली में शुक्रवार को एक भीषण सड़क का मामला सामने आया है जहां इस हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा बरवाटोली स्थित साहू साइकिल के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है ताकि परिजनों को सूचना दी जा सके.

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए शवों को अपने कब्जे में ले लिया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके. हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.

इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से निगरानी रखने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है. लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए लोगों ने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता जताई है. पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान होते ही उनके परिजनों को सूचना दी जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.