गिरिडीह:गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गिरिडीह कॉलेज के पास हुए सड़क हादसे में घायल टोटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदन नगर पुलिस लाइन निवासी सुनील पासवान के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, सुनील पासवान टोटो से सोनबाद एक यात्री को छोड़ने गए थे. वहां से वापस गिरिडीह लौटने के दौरान गिरिडीह कॉलेज के समीप एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल सुनील को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. हालांकि, धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
सुनील की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि सुनील अपने पीछे पत्नी और छह साल की बेटी को छोड़ गए हैं. हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले गई है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चार पहिया वाहन का चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है. वहीं, आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ फरार वाहन चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
