गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित सुजना गांव में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया जहां सुजना गांव में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक का सेवन कर लिया. दरअसल, युवती का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले करीब एक महीने से प्रेम संबंध था. वह जब युवक के घर पहुंची थी, जहां उसने विश रहित पदार्थ खा लिया. घटना के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
इस घटना के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर, युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल से शव को घर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनूल हक खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है, लेकिन युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
