Jharkhand

गिरिडीह: किराये के मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
गिरिडीह: किराये के मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

 

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के बोरो हवाई अड्डा के समीप एक किराये के मकान से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां 28 वर्षीय युवक पंकज कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला. मृतक मूल रूप से सीहोडीह का रहने वाला था और अपनी पत्नी व छोटे बच्चे के साथ यहां रहता था. रविवार को जैसे ही कमरे के अंदर उसका शव मिला, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई.

इस घटना के पीछे एक पेचीदा पारिवारिक पृष्ठभूमि और गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंकज ने करीब पांच साल पहले एक मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे उनका एक बच्चा भी है. पंकज की मां ने उसकी पत्नी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था. मां का आरोप है कि बहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी में भारी तनाव रहता था. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह भी दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई और कुछ ही देर बाद पंकज का शव फंदे से झूलता पाया गया.

इस घटना के बाद पचम्बा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. इधर, बदहवास मां ने अपने पोते की कस्टडी परिवार को सौंपने की गुहार लगाई है ताकि उसकी सही देखरेख हो सके. मामले पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस परिजनों के आरोपों सहित सभी संभावित पहलुओं और एंगल से गहराई से जांच कर रही है.