Jharkhand

गिरीडीह: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

गिरिडीह(GIRIDIH): जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कोलडीहा में सड़क हादसा हो गया जहां 47 वर्षीय महिला की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतका की पहचान कोलडीहा निवासी पप्पू खान की पत्नी रिफत प्रवीण के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार रिफत प्रवीण घर से राशन खरीदने के लिए निकली थीं. इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े.

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग भी उठाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

उधर, नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने हादसे के आरोपी बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक पालगंज का रहने वाला है और गिरिडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.