GIRIDIH:गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की जान चली गई. दोनों बच्चे तालाब से कमल के फूल निकालने के लिए गए थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण डूब गए. मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के बेटे हार्दिक रजक और विष्णु रजक के बेटे प्रेम रजक के रूप में हुई है. दोनों की उम्र करीब 13 वर्ष बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हार्दिक और प्रेम शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सड़क किनारे स्थित तालाब के पास पहुंचे थे. दोनों तालाब में कमल के फूल निकालने के लिए पानी में उतरे. इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे. उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने दोनों को पानी में डूबते देखा और तुरंत इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी. करीब आधे घंटे तक चले प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाल लिया. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
घटना की सूचना मिलने पर पचंबा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.
एक ही गांव के दो बच्चों की एक साथ मौत से रानीखावा में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे सामान्य रूप से सुबह घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनके साथ यह दुखद हादसा हो गया.
हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताया है और तालाब जैसे गहरे जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत पर भी जोर दिया है.
