गिरिडीह (GIRIDIH): बीते दिनों गिरीडीह जिले के नगर थाना में एक युवक की कथित पिटाई का वीडियो, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वीडियो में साफ तौर पर यह देखा जा सकता है की एक युवक को बड़ी बेरहमी से थप्पड़ जड़ा जा रहा है और लगातार कई बार युवक को पीटते हुए, वीडियो में देखा जा सकता है. इसी वीडियो को लेकर बवाल मचा और गिरिडीह पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. ऐसे में वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पर कार्रवाई की है. उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया गया है.
दरअसल मिली जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर की रात नगर थाना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था. वीडियो में एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली और थाने के अंदर हुई घटना को लेकर कई सवाल उठने लगे. मामला सामने आने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी. वायरल वीडियो की पड़ताल के साथ-साथ घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
जांच के दौरान ही एसपी डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को लाइन क्लोज करने का आदेश जारी कर दिया. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक कौन है और उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था. घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी. ऐसे में फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
