Jharkhand

गिरिडीह: जीटी रोड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 ओवरलोड वाहन जब्त

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी को लेकर शुक्रवार को जीटी रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना था.

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर भारी वाहनों की गहन जांच की गई. जांच में कुल 12 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया, जो निर्धारित भार सीमा से अधिक माल लेकर चल रहे थे. इनमें बगोदर थाना क्षेत्र से 10 और निमियाघाट थाना क्षेत्र से 2 वाहन शामिल हैं. सभी जब्त वाहनों के खिलाफ परिवहन नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने वाहन चालकों और मालिकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी.

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोड वाहनों का संचालन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता है. इससे सड़कें समय से पहले क्षतिग्रस्त होती हैं और दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाता रहेगा. प्रशासन ने वाहन मालिकों, चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों से निर्धारित भार सीमा का पालन करने और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने की अपील की है, ताकि जिले में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.