Jharkhand

गिरिडीह: रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के बगोदर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां धनबाद-गया रेलखंड पर चौधरीबांध के समीप रेलवे ट्रैक से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. मृतक की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के भंडारो निवासी नीरज मंडल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि नीरज पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के घर चौधरीबांध के उल्लीबार गांव में रह रहा था. मंगलवार को रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. मामले की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.

आपको बता दें, मृतक के मामा ने नीरज मंडल की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि नीरज की मौत सामान्य घटना नहीं लगती और मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. नीरज की मौत की खबर मिलते ही भंडारो और उल्लीबार गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने और जल्द सच्चाई उजागर करने की मांग की है.

सूचना मिलने के बाद बगोदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.