Jharkhand

पिता ने तीन बेटियों को धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट, जानिए कहां का है मामला

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले से एक ऐसी दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से हत्या कर दी. इस वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गहरे सदमे में हैं.

यह घटना तब हुई जब आरोपी पिता नंदू यादव, निवासी तुरुकडीहा, ने अचानक किसी विवाद या गुस्से में अपना आपा खो दिया. बताया जाता है कि उसने घर के अंदर मौजूद अपनी तीनों बेटियों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे तीनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. 

इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत जानकारी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नंदू यादव को घटना से ही गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. जांच में घटना के पीछे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों को यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई पिता अपनी ही मासूम बेटियों के साथ इतना क्रूर व्यवहार कैसे कर सकता है. गांव में तनाव और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.