Jharkhand

गिरिडीह: छत पर सो रहा था परिवार, घर से 25 लाख के जेवर और जमीन के कागजात ले उड़े चोर

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

GIRIDIH: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा ओपी के चोरगता गांव में चोरी की एक बड़ी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

 चोरगता गांव निवासी मदन चौधरी के घर में बीती रात चोरी की वारदात हुई. भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर की छत पर सो रहे थे. इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए और कमरे में रखे बक्सों तथा अलमारी को खंगाल डाला. चोर करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात लेकर फरार हो गए.

सुबह जब परिवार के लोग नीचे आए तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला. अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे. इसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.

पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए जेवरों में घर की बहुओं और बेटियों की शादी के लिए वर्षों से सुरक्षित रखे गए आभूषण भी शामिल थे. वहीं जमीन से संबंधित दस्तावेज गायब होने के कारण परिवार ने किसी सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है. परिवार के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2007 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, इसलिए कुछ लोगों पर उन्हें संदेह है. हालांकि अभी तक किसी के खिलाफ आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान और दस्तावेज बरामद करने तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.