Jharkhand

शादी के 4 महीने बाद उजड़ गया परिवार, दुकान जाने निकला युवक रेलवे ट्रैक पर मिला मृत, परिवार में मातम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरहटांड रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमोहल्ला निवासी 29 वर्षीय देव आशीष कुमार के रूप में हुई है, जो राजेंद्र प्रसाद के पुत्र थे.

परिजनों ने बताया कि देव आशीष शुक्रवार को रोज की तरह बाइक से अपनी दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे. उन्होंने बक्शीडीह जाने की बात कही थी, लेकिन कुछ घंटों बाद परिवार को सूचना मिली कि गरहटांड रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया. मृतक की पत्नी मोली कुमारी ने बताया कि उनके पति सुबह सामान्य रूप से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे. बाद में पुलिस के माध्यम से उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी मिली.

परिवार के अनुसार, देव आशीष की शादी करीब चार महीने पहले बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह गांव निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी. मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभार विवाद की बातें सामने आती थीं, हालांकि दोनों अपने-अपने कामकाज में व्यस्त रहते थे और उनका व्यवसाय भी अलग-अलग था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.