गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चकरी गांव में नकाबपोश अपराधियों ने सो रहे दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में 45 वर्षीय डोली मजदूर पत्तिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी परनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं थी, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. ग्रामीणों ने घायल महिला को खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें इलाज के लिए धनबाद के पीएमसीएच रेफर किया गया था.
जानकारी के अनुसार, पत्तिया हांसदा जैन तीर्थयात्रियों को डोली के माध्यम से पहाड़ी मार्गों पर ले जाने का काम करते थे. घटना के वक्त पति-पत्नी अपने घर के आंगन में सो रहे थे. इसी दौरान देर रात चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमलावरों ने दंपति के गले और सीने पर वार किए, जिससे पत्तिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई.
हमले के दौरान दंपति की चीख-पुकार सुनकर उनके चार बच्चों की नींद खुल गई. बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलने के बाद मधुबन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. घायल परनी देवी को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनकी भी मौत हो चुकी है.
मृतक के रिश्तेदार अनिल हेंब्रम ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर पीरटांड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की पोल खोल दी है, जहां गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए खटिया का सहारा लेना पड़ा.
रिपोर्ट : दिनेश रजक
