Jharkhand

प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने के बाद भड़का विवाद, दो पक्षों में हुआ पथराव, गिरीडीह में पुलिस टीम भी बनी निशाना

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित तीन महुआ गांव में दो पक्षों के बीच तनाव हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद जमकर पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

जानकारी के अनुसार, 31 मई को गांव में प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने की घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ था. इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई. दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे गांव में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में मौजूद उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को भी निशाना बना लिया. भीड़ की ओर से किए गए पथराव में दो चौकीदारों को मामूली चोटें आईं. हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की अतिरिक्त पुलिस बल को इलाके में तैनात किया गया है. संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती जारी है.