Jharkhand

गिरिडीह में पूर्व उपाधीक्षक का शव कुएं से बरामद, संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
गिरिडीह में पूर्व उपाधीक्षक का शव कुएं से बरामद, संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में सोमवार एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. शहर के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से पूर्व उपाधीक्षक डॉ. बी.एन. झा का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरता हुआ देखा. जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. डॉ. बी.एन. झा गिरिडीह के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाते थे. इसलिए उनके निधन की सूचना से चिकित्सा जगत के साथ-साथ पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई.

बता दें, डॉ. झा लंबे समय तक सदर अस्पताल में अपनी सेवाएं दे चुके थे और अपनी कार्यशैली व मरीजों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे. उनके अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में निधन की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजन. परिचित और चिकित्सक समुदाय इस घटना से स्तब्ध हैं. बड़ी संख्या में लोग उनके आवास और अस्पताल पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं. घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील की है.

फिलहाल डॉ. बी.एन. झा की मौत किन परिस्थितियों में हुई. इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है.