☰
Jharkhand

BIG BREAKING: यूको बैंक में बड़ी डकैती, हथियारबंद अपराधियों ने लूटे 4 करोड़ के सोने के जेवरात और 12 लाख नकद

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है. धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया. अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर लॉकर में रखे करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी लूट ली. शुरुआती आकलन के मुताबिक लूटे गए सोने की कीमत करीब 3 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि अपराधी 10 से 12 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए.

बैंक प्रबंधक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच अपराधी हथियारों से लैस होकर बैंक में दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद लोगों को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया. एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि उसके अन्य साथियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया और वहां रखे सोने के जेवरात व नकदी समेटने लगे. पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें करीब 20 मिनट लगे. दरअसल अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर काबू कर लिया था.. विरोध करने पर अपराधियों ने बैंक में आए लोगों के साथ मारपीट की. लूटपाट पूरी करने के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए.

अपराधियों के जाने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी. मुख्य गेट को अंदर से पीटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने किसी तरह बैंक का ताला खोलकर अंदर फंसे कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ बैंक पहुंचे और जांच शुरू की.

पुलिस बैंक कर्मचारियों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही अपराधियों के बैंक तक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच भी अहम मानी जा रही है. ऐसे में सबसे हैरानी की बात यह है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. इसके बावजूद पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब 20 मिनट तक बैंक में लूटपाट की और आसानी से फरार हो गए. व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों के बीच दहशत का माहौल है.