गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से राज्य में शोक की लहर है. रविवार सुबह उनके निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो गिरिडीह पहुंचे. उन्होंने सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी. साथ ही उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया. सुदिव्य कुमार का रविवार सुबह गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में निधन हुआ. वह झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने उनके निधन को राज्य के लिए बड़ी क्षति बताया. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार उनके छोटे भाई की तरह थे. उनके अचानक चले जाने से वह स्तब्ध हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड ने एक ऊर्जावान मंत्री और जनता से जुड़े नेता को खो दिया है.
2019 में पहली बार गिरिडीह से बने थे विधायक
सुदिव्य कुमार लंबे समय से झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े हुए थे. उन्होंने पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभाली थीं. वर्ष 2019 में वह पहली बार गिरिडीह विधानसभा सीट से झामुमो के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे. विधायक के रूप में उन्होंने झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और प्रत्यायुक्त विधान समिति के सदस्य के तौर पर भी काम किया. इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर जीत दर्ज की और राज्य सरकार में मंत्री बनाए गए. रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि सुदिव्य कुमार की विधायी कार्यों में खास रुचि थी. विकास से जुड़े कामों की प्राथमिकता तय करने की उनकी क्षमता हमेशा याद आएगी. जनप्रतिनिधि के रूप में उनका गिरिडीह की जनता के साथ गहरा जुड़ाव था. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस कठिन समय में सभी लोग शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार के सदस्यों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.