गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध खंडोली पर्यटक स्थल पर घूमने पहुंचे एक कथित प्रेमी जोड़े को लेकर जमकर हंगामा हुआ है. बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई. इस दौरान युवक के साथ बाइक पर बैठी युवती की मांग में सिंदूर भरवाए जाने की भी बात सामने आई है. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित खंडोली डैम के पास का बताया जा रहा है. युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती डुमरी थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है. दरअसल युवती इन दिनों बेंगाबाद क्षेत्र के एक गांव में अपनी दीदी के घर आई हुई थी. इसी दौरान वह कथित प्रेमी के साथ खंडोली पर्यटक स्थल घूमने पहुंच गई. इसी बीच दोनों के वहां मौजूद होने की जानकारी युवती के परिजनों को मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंच गए. परिजनों को सामने देखकर युवक और युवती को लेकर बहस शुरू हो गई और कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया की घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना को लेकर सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, हंगामे के बीच परिजनों की ओर से दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया. इसके बाद युवक ने बाइक पर बैठे हुए ही युवती की मांग में सिंदूर भर दिया. इस दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे. साथ ही घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है.
खंडोली पर्यटक स्थल से जुड़े इस घटनाक्रम के वीडियो में प्रेमी जोड़े को लेकर हंगामा होने और युवक से युवती की मांग में सिंदूर भरवाए जाने का वीडियो साफ तौर पर नजर आ रहा है. हालांकि, घटना के संबंध में किसी आधिकारिक बयान या पुलिस की पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है.
