गिरीडीह (GIRIDIH): समाज में बालिका वधू और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ आए दिन कितने पाठ पढ़ाए जाते हैं, फिरभी आज के समय में भी समाज में कई ऐसे लोग मौजूद हैं जो इन कुरीतियों को बढ़ावा दे रहे हैं. ताज़ा मामला झारखंड के गिरीडीह का है जहां एक नाबालिग बच्ची की जबरन शादी कराई जा रही है. मामला जुड़ा है तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र से जहां एक महज 13 साल की नाबालिग लड़की की कथित तौर पर जबरन शादी कराए जाने का मामला सामने आया है. यहां ग्रामीणों ने एक युवक के साथ लड़की को पकड़ कर जबरदस्ती लड़की की मांग में सिंदूर भरवा दिया.
दरअसल करीबन तीन दिन पहले एक नाबालिग लड़की और एक लड़के को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था. आरोप था की लड़का, लड़की से मिलने के लिए उसके घर आया था और इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया. इसके बाद कथित तौर पर युवक पर लड़की की मांग में सिंदूर डालने का दबाव बनाया गया.
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि नरेश दयाल के परिवार के सदस्यों समेत कुछ ग्रामीणों ने युवक पर दबाव बनाकर नाबालिग के साथ सिंदूर डलवाया. नाबालिग के मुताबिक, युवक ने अपने परिवार को घटना की जानकारी देने के लिए कुछ समय मांगा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी बात नहीं मानी. इस मामले में नरेश दयाल से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं. उनका कहना है कि शादी कराने में सिर्फ उनके परिवार की भूमिका नहीं थी, बल्कि गांव के कई लोग इसमें शामिल थे.
घटना की जानकारी नाबालिग ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद गांव में ग्रामीणों की बैठक होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि स्थानीय मुखिया पति की मौजूदगी में यह बैठक हुई. चर्चा है कि बैठक के दौरान मामले को गांव स्तर पर ही सुलझाने की कोशिश की जा रही थी. हालांकि, बैठक में क्या फैसला लिया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद चाइल्डलाइन से जुड़े अजय कुमार के साथ टीम नाबालिग के घर पहुंची. टीम ने पीड़िता और उसके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद पूरे मामले की सूचना जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को दी गई. चाइल्डलाइन से जुड़े लोगों के अनुसार, नाबालिग की कथित रूप से जबरन शादी कराया जाना गंभीर मामला है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
