गढ़वा(GARHWA): जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने एक युवक का शव महुआ के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ देखा. मृतक की पहचान बभनी गांव निवासी टप्पू रजवार के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. इधर इस घटना कि सूचना मिलने पर बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. शव की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या या आत्महत्या में से किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
इधर, मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली. खोजी कुत्ते को घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां से वह दौड़ते हुए बभनी गांव के एक घर में जा घुसा. इसके बाद पुलिस ने घर के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. खोजी कुत्ते के एक घर तक पहुंचने के बाद मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि केवल डॉग स्क्वायड की कार्रवाई के आधार पर किसी व्यक्ति की भूमिका तय नहीं की जा सकती. थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह भी बभनी गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. टप्पू रजवार की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे रहे. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि टप्पू रजवार ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया था.
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार
