Jharkhand

नाश्ता पानी नहीं दीजिएगा..... गढ़वा में SIR फॉर्म के नाम पर महिला BLO कर रही है उगाही , देखिए वीडियो 

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

गढ़वा(GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान फॉर्म भरने के नाम पर उगाही का मामला सामने आया है.जहां रंका प्रखंड के खपरो पंचायत अंतर्गत गोरयाबांध टोला की एक बीएलओ (BLO) जमीला बीबी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में वह SIR फॉर्म देने और भरने के एवज में 50 से 100 रुपये तक की मांग करती हुई दिखाई दे रही है. हालांकि, पैसे मांगने को वह "खर्चा-पानी" बता रही है.

गढ़वा में SIR फॉर्म के नाम पर महिला BLO कर रही है उगाही

मामले की पड़ताल के दौरान जब हमारी टीम गांव पहुंची तो कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीएलओ द्वारा फॉर्म भरने और जमा कराने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही है.कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने SIR फॉर्म भर लिया है, लेकिन पैसे देने की बात सामने आने के कारण अब तक फॉर्म जमा नहीं किया है.ग्रामीणों के अनुसार, बीएलओ के घर पर भी SIR फॉर्म भरवाने वालों की भीड़ लगी रहती है.हालांकि, जांच के दौरान बीएलओ अपने घर पर नहीं मिलीं.बताया गया कि वह प्रखंड कार्यालय गई हुई थीं.हालांकी इस वीडियो की अब तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है इसलिए हमारा चैनल इसका दावा नहीं करता है.

जमीला बीबी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से किया खारिज 

वहीं, इस पूरे मामले पर बीएलओ जमीला बीबी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ रची गई साजिश है. उनका दावा है कि अब तक वह करीब 170 SIR फॉर्म भर चुकी हैं और किसी भी लाभार्थी से फोन पर बात कर इसकी पुष्टि की जा सकती है.उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उन्हें बदनाम करने और फंसाने की कोशिश कर रहे है.फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार