गढ़वा: जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बिजली के पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर संबंधित महिला के साथ थाना ले गई. पूछताछ के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
यह मामला भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव का है. जानकारी के अनुसार, मेराल थाना क्षेत्र के बसरिया गांव निवासी बलराम ठाकुर का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले कई वर्षों से कथित प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि बुधवार रात युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था.
इसी दौरान महिला की सास को दोनों के घर में होने की जानकारी मिल गई. उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए. दरवाजा खुलने के बाद उन्होंने युवक को पकड़ लिया और बिजली के पोल से बांध दिया. इसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई. घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
सूचना मिलने पर भवनाथपुर थाना पुलिस तत्काल गांव पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया. पुलिस ने महिला और युवक दोनों को पूछताछ के लिए थाना लाया. मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की.
भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई. प्रारंभिक जांच में दोनों के बालिग होने की पुष्टि हुई. चूंकि किसी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं दिया, इसलिए कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई और दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
हालांकि, इस घटना ने कानून को अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या आपराधिक मामले में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें. कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है.
रिपोर्ट:धर्मेन्द्र कुमार