Jharkhand

गढ़वा: जंगली हाथियों के उत्पात से सहमा गांव, एक की मौत, एक घायल, वन विभाग अलर्ट

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
गढ़वा: जंगली हाथियों के उत्पात से सहमा गांव, एक की मौत, एक घायल, वन विभाग अलर्ट

गढ़वा (GARHWA) :  झारखंड के गढ़वा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. रंका वन क्षेत्र के बांदु चूतरू गांव में हाथियों के एक झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में एक ग्रामीण की  मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. इसके अलावा हाथियों ने गांव के कई घरों को भी नुकसान पहुंचाया. घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है.

पटक-पटक कर मार डाला

जानकारी के अनुसार, सुबह-सुबह हाथियों का झुंड गांव में घुस आया. अचानक हाथियों को देखकर ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान डिगर मांझी (पिता- रंगहतु मांझी) हाथियों की चपेट में आ गए. हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला. वहीं सरदार मांझी नामक एक अन्य ग्रामीण भी हमले में घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड करीब दो घंटे तक गांव में उत्पात मचाता रहा. इस दौरान चार घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

नुकसान का किया जा रहा आकलन

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. वन विभाग ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही घरों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है.

ग्रामीणों में भारी डर और नाराजगी

लगातार हो रहे हाथियों के हमलों से ग्रामीणों में भारी डर और नाराजगी है. लोगों का कहना है कि रात के समय गांव में रहना मुश्किल हो गया है. कुछ ग्रामीण यह भी चर्चा कर रहे हैं कि दो दिन पहले चिनियां क्षेत्र में एक हाथनी की मौत के बाद हाथियों का व्यवहार ज्यादा आक्रामक हो गया है. हालांकि, इस बात की अभी तक वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील कर रहा है.

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार