Jharkhand

गढ़वा में शिक्षक के तबादले पर बढ़ा बवाल, छात्रों ने किया थाने पर पथराव, पुलिस जवान घायल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): जिले के कांडी थाना क्षेत्र में एक शिक्षक के तबादले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन आज हिंसक हो गया. जेन अल्फा के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों से चल रहा विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया जब प्रदर्शनकारियों और प्रखंड प्रमुख के बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद छात्रों ने सड़क जाम कर दिया और थाना परिसर पर पथराव किया. घटना में एक पुलिस जवान के सिर में चोट लगी है.

शिक्षक के तबादले से नाराज हैं छात्र
मामला कांडी थाना के समीप स्थित जमा-2 उच्च विद्यालय से जुड़ा है. स्कूल के शिक्षक मलय सिंह के तबादले के विरोध में छात्र-छात्राएं लगातार आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों की मांग है कि शिक्षक का तबादला रोका जाए और उन्हें दोबारा विद्यालय में पदस्थापित किया जाए. इसी मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन और सड़क जाम किया जा रहा है.

समझाने पहुंचे प्रमुख से हुआ विवाद
बुधवार को प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने पहुंचे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि बहस के दौरान प्रमुख ने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र और आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ने पर प्रमुख अपनी जान बचाकर कांडी थाना पहुंचे. इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र भी थाना पहुंच गए.

थाना पर पथराव, जवान घायल
थाना पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए पथराव में एक पुलिस जवान के सिर में चोट लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद थाना परिसर और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारी अभी भी सड़क पर डटे हुए हैं और शिक्षक मलय सिंह का तबादला रद्द करने की मांग पर अड़े हैं. साथ ही छात्रों ने घटना के दौरान शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है.

अतिरिक्त पुलिस बल भेजने की तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया. एसडीपीओ ने बताया कि स्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है. अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा जा रहा है. पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल कांडी में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. शिक्षक के तबादले से शुरू हुआ विवाद अब कानून-व्यवस्था का मुद्दा बन गया है.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार