गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में वज्रपात दो लोगों पर कहर बनकर टूटा, जहां आम चुनने के दौरान दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रंका थाना क्षेत्र के दुधवल गांव में आंधी-तूफान के बाद कुछ बच्चे जमीन पर पड़े आम चुन रहे थे. तभी पेड़ पर वज्रपात हो गया.आम चुन रहे तीन बच्चे इसकी चपेट में आ गए, जिसमें दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया.मृतकों में शाहबाज अंसारी और फैजुन खातून के नाम शामिल है, जबकि घायल का नाम सुहैल अंसारी है.
एंबुलेंस न मिलने पर खाट से पहुंचाया शव
परिजन किसी तरह रंका सामुदायिक अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों बच्चों के शव रातभर रखे गए. रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया लेकिन यहां सिस्टम की एक ऐसी लाचार तस्वीर सामने आई, जिसने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. बताया जा रहा है कि मृतकों को घर से रंका सामुदायिक अस्पताल तक और वहां से गढ़वा सदर अस्पताल तक लाने के लिए एंबुलेंस भी नहीं मिली.रंका सामुदायिक अस्पताल से गढ़वा आने के लिए परिजनों को घर से खाट मंगानी पड़ी और शवों को पिकअप पर लादकर सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस लाया गया.
आम चुनने के दौरान वज्रपात की चपेट में आए बच्चे
घटना को लेकर मृतकों के परिजनों ने बताया कि घर के आंगन में आम का पेड़ है आंधी-तूफान आने के बाद बच्चे आम चुनने के लिए पेड़ के नीचे चले गए. इसी दौरान वज्रपात हो गया, जिससे बच्चों की मौत हो गई उन्होंने कहा कि रंका सामुदायिक अस्पताल से लेकर गढ़वा पोस्टमार्टम हाउस तक आने के लिए उन्हें एंबुलेंस नहीं मिली.मजबूरी में खाट और पिकअप के सहारे वे गढ़वा पहुंचे.इस दौरान उन्हें कोई सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार
