गढ़वा (GARHWA): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गढ़वा शहर के ऐतिहासिक टाउन हॉल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.
कार्यक्रम में उपायुक्त पीएन मिश्रा के पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उपायुक्त पीएन मिश्रा और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया. निर्धारित समय के अनुसार सुबह 9 बजकर 01 मिनट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. इसके बाद राष्ट्रगान के साथ मुख्य समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई.
ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त पीएन मिश्रा ने समारोह को संबोधित किया. उन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया. उपायुक्त ने कहा कि आजादी के अमृत काल में गढ़वा के ऐतिहासिक टाउन हॉल मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है.
अपने संबोधन में उपायुक्त ने जिले में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से गढ़वा विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिले की महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिया जा रहा है. इसके अलावा जरूरतमंद और पात्र लोगों के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं भी संचालित हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है.
उपायुक्त ने सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बीच पूरा टाउन हॉल मैदान देशभक्ति के रंग में नजर आया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार
