☰
Jharkhand

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा गढ़वा का ये इलाका, राजमिस्त्री को सरेराह सीने में मारी गोली

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): गढ़वा थाना क्षेत्र के गुर्दी गांव में मंगलवार सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के ही कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल की पहचान गुर्दी गांव निवासी शेख कुदुस अंसारी के रूप में हुई है. घटना में उनके सीने में गोली लगी है. परिजनों के अनुसार, शेख कुदुस अंसारी राजमिस्त्री का काम करते हैं और इसके साथ ही दूध पहुंचाने का काम भी करते हैं. मंगलवार सुबह वह दूध लेकर गढ़वा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गुर्दी पहाड़ के पास गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शेख कुदुस को तत्काल इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने घायल शेख कुदुस अंसारी से घटना के संबंध में पूछताछ की. इसके बाद पुलिस घटनास्थल की ओर रवाना हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

इधर, परिजनों ने बताया कि शेख कुदुस का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है. हालांकि, गोलीबारी के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार