☰
Jharkhand

गढ़वा में SIR की प्रक्रिया अंतिम चरण में, DC ने गांव पहुंचकर मतदाता सूची का लिया जायजा

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

गढ़वा(GARHWA): जिले में मतदाता सूची के SIR की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. इस दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए, इसे लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है. इसी कड़ी में गढ़वा के उपायुक्त PN मिश्रा ने अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और गांव पहुंचकर मतदाताओं से सीधे बातचीत की.

BLO और BLA-2 की बैठक में दिए निर्देश

जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO और BLA-2  की पांचवीं बैठक आयोजित की गई. इसके साथ ही चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को भी जागरूक किया गया. बैठक में निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए.

मतदान केंद्रों पर पहुंचकर डीसी ने की जांच

निरीक्षण के दौरान डीसी पीएन मिश्रा ने 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के लगमा स्थित बूथ संख्या 206, 207 और 208 का जायजा लिया. उन्होंने वहां चल रहे निर्वाचन कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति के बारे में पूछा.

इसके बाद डीसी 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के रमना प्रखंड अंतर्गत कोरबा गांव के बूथ संख्या 340 पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर SIR की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. उन्होंने मतदाताओं से पूछा कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं. साथ ही गांव में कोई नया मतदाता है या नहीं और किन लोगों का नाम सूची में जुड़ना बाकी है, इसकी भी जानकारी ली.

किसी योग्य मतदाता का नाम न छूटे, प्रशासन की कोशिश

डीसी पीएन मिश्रा ने बताया कि गढ़वा जिले में दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं. इनमें 80-गढ़वा-रंका और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं. SIR का काम अब अंतिम चरण में है. ऐसे में प्रशासन खुद गांवों में जाकर यह जांच कर रहा है कि कर्मचारियों ने सही तरीके से काम किया है या नहीं. कहीं किसी योग्य मतदाता का नाम छूट तो नहीं गया है.

उन्होंने कहा कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन कार्यों की जमीनी स्थिति जानना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है. प्रशासन की कोशिश है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार