गढ़वा(GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 31 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बारिश लगातार जारी रहने से शहर और आसपास के कई इलाकों में पानी जमा हो गया है. सड़कों और गलियों में जलजमाव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है. लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
कई मोहल्लों मे जलजमाव,घर दुकानों तक पहुंचा पानी
लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर गढ़वा के निचले और जलजमाव वाले इलाकों में देखने को मिल रहा है. नगवां मोहल्ला, दफाली मोहल्ला, मदरसा रोड, चिनियां रोड और सहिजना रोड समेत नगर परिषद क्षेत्र की कई गलियों में पानी जमा हो गया है. कई स्थानों पर पानी लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों से पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है.
स्कूल और बस परिचालन पर भी असर
भारी बारिश का असर शिक्षा और परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है. जलजमाव के कारण कई निजी स्कूलों को बंद करना पड़ा, जबकि कुछ सरकारी विद्यालयों के परिसरों में भी पानी भरने की स्थिति सामने आई है. सोनपुरवा स्थित अंतरराज्यीय बस डिपो में पानी भरने से बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है. वहीं शालीग्राम विद्यालय परिसर में जलभराव के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है.
उफान पर नदियां, बढ़ा बाढ़ का खतरा
बारिश के कारण शहर से होकर गुजरने वाली दानरो और सरस्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया है. जिले की प्रमुख कोयल नदी में भी लगातार पानी बढ़ने की बात सामने आ रही है. इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है.बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में जलजमाव और नदी के जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका बनी हुई है.
रिपोर्ट – धर्मेंन्द्र कुमार
