गढ़वा (GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में सोन नदी में बड़ा हादसा हो गया. जहां नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान तीन लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो लड़कियां अब भी लापता हैं. दोनों की तलाश ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा लगातार की जा रही है.जानकारी के अनुसार, केतार प्रखंड के पाचाडुमर गांव स्थित सोन नदी में सोमवार को जल उठाने के लिए सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ पहुंचे थे. इसी दौरान तीन लड़कियां नदी में स्नान करने के बाद सेल्फी लेने लगीं. सेल्फी लेने के दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं.
एक को बचाया, 2 लापता
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को नदी से बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया. वहीं, बबलू प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी और गीरवर ठाकुर की पुत्री खुशबू कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. दोनों की तलाश नदी में ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा की जा रही है.
आसपास के इलाके में मातम
बताया गया कि दोनों लापता लड़कियां छाताकुंड उच्च विद्यालय में कक्षा 9वीं में पढ़ती हैं. घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है. घटना की खबर फैलते ही पाचाडुमर सहित आसपास के इलाके में मातम पसर गया. लापता लड़कियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और सभी की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हैं.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार
