गढ़वा: आदिवासी नेत्री निशा भगत के आत्म हत्या मामले में भाजपा राज्य सरकार पर आक्रामक है. प्रदेश के सभी जिलों और कस्बे में प्रदर्शन कर आदिवासी नेत्री की मौत पर सवाल पूछ रही है.इसी कड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह गढ़वा पहुंची और प्रेस वार्ता कर निशा भगत से लेकर मंईयां सम्मान योजना पर सवाल पूछा.
प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि अपने पति को जेल जाने पर जेल यात्रा निकालने वाली सरकार को एक आदिवासी महिला की मौत नहीं दिखती, जो सिस्टम से प्रताड़ित होकर आत्महत्या करने को मजबूर हुई या यूं कहें कि उसकी हत्या कर दी गई.
उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार एक तरफ मंईयां सम्मान योजना देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य में आदिवासी महिलाओं की मौत हो रही है. निशा भगत की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है. उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत को लगातार प्रताड़ित किया गया और पुलिस-प्रशासन की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला.
सीमा सिंह ने कहा कि सरकार ने निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं, जबकि झारखंड के युवा जब नौकरी में कथित ठगी और पदों की बिक्री के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे, तब सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में झारखंड की महिलाएं और शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां इस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए तैयार बैठी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में पिछले सात वर्षों से महिला आयोग का पद खाली पड़ा है. ऐसे में महिलाओं को न्याय कैसे मिलेगा?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रतिनिधि झारखंड आईं, तब मुख्यमंत्री और जिले के एसपी ने उनसे मुलाकात के लिए समय तक नहीं दिया. ऐसे में पीड़ित महिलाओं को न्याय कैसे मिलेगा?
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार
