Jharkhand

पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ कैदी, गढ़वा में मचा हड़कंप

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को पुलिस कस्टडी में एक कैदी के फरार होने से हड़कंप मच गया. फरार कैदी की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के राजी गांव निवासी उमानंद चौधरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उमानंद चौधरी हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में नामजद आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात नगर उंटारी पुलिस के सहयोग से पुलिस ने उसे सुलसुलिया गांव से पकड़ा था. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया. बुधवार को खरौंधी पुलिस टीम उसे न्यायालय में पेशी के लिए श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस कस्टडी के बीच आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी और जिले के अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. कोर्ट परिसर में चर्चा है कि कैदी की सुरक्षा में तैनात कुछ पुलिसकर्मी मोबाइल फोन के इस्तेमाल में व्यस्त थे, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक आरोपी को भागने का मौका कैसे मिला? सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

वहीं, पूरे मामले को लेकर श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह ने मोबाइल पर जानकारी देते हुए बताया कि एक कैदी फरार हुआ है. उन्होंने कहा कि आरोपी अपने भाई के साथ हत्या की नीयत से मारपीट करने के मामले में नामजद था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसर में कैदियों की पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार