☰
Jharkhand

गढ़वा में नीलगायों का आतंक, खेतों में खड़ी फसलें कर रहीं बर्बाद, खेती छोड़ने को मजबूर किसान

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): झारखंड में हाथियों के आतंक के बाद अब नीलगायों के आतंक से किसानों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है. खेतों में दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करने वाले किसानों की उम्मीदों पर नीलगाय पानी फेर रही हैं. पहले किसान बारिश की अनिश्चितता से परेशान रहते हैं और किसी तरह फसल तैयार भी कर लेते हैं तो नीलगाय खेतों में घुसकर पूरी फसल बर्बाद कर देती हैं. हालात ऐसे हो गए हैं कि कई किसान पारंपरिक खेती छोड़ने और दूसरे रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर हैं.

दर्जनों प्रखंडों में नीलगायों का आतंक

जिले के कांडी, मेराल, मझिआंव, बरडीहा, रमना और विशुनपुरा समेत कई प्रखंडों में नीलगायों के झुंड किसानों के लिए मुसीबत बने हुए हैं. ये जानवर खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. किसानों का कहना है कि खेती में बीज, खाद, मजदूरी और सिंचाई पर काफी पैसा खर्च होता है. इसके बाद भी फसल सुरक्षित रहेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है. नीलगायों के झुंड अचानक खेतों में पहुंचते हैं और देखते ही देखते महीनों की मेहनत बर्बाद कर देते हैं.

किसानों का कहना है कि वे दिन-रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं. इसके बावजूद फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है. किसान शांत कुमार और नरेंद्र ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि नीलगायों ने उनकी कमर तोड़ दी है. खेती से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है. कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. ऐसे में किसानों के सामने खेती जारी रखने या पलायन करने का संकट खड़ा हो गया है.

कृषि विभाग ने दिया समाधान का भरोसा

वहीं, इस समस्या पर जिला कृषि पदाधिकारी का कहना है कि नीलगायों से फसल को नुकसान पहुंचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं. उन्होंने किसानों से खेती नहीं छोड़ने की अपील की है. उनका कहना है कि नीलगायों को खेतों से दूर रखने के लिए कई तरह के उपाय और तकनीक उपलब्ध हैं, जिन्हें अपनाकर फसलों को बचाया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि नीलगायों का मामला वन विभाग से जुड़ा है. इस संबंध में वन विभाग से बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा. अब किसानों को इंतजार है कि उन्हें कब इस परेशानी से वास्तविक राहत मिलती है.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार