Jharkhand

स्कूल से लौटी, फिर हो गई लापता, दो दिन बाद तालाब में मिली छात्रा की लाश

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
स्कूल से लौटी, फिर हो गई लापता, दो दिन बाद तालाब में मिली छात्रा की लाश

गढ़वा (GARHWA) :  सदर थाना क्षेत्र के सुखबाना गांव में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा का शव तालाब से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. छात्रा दो दिन से लापता थी. शव के गले में दुपट्टा लिपटा मिलने से परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव निवासी के रूप में हुई है. उसके पिता बजरंगी साव गढ़वा शहर में मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ सुखबाना गांव में किराये के मकान में रहते हैं. गढ़वा शहर स्थित शालीग्राम अग्रवाल मध्य विद्यालय की छात्रा थी.

परिजनों ने बताया कि करीब साढ़े 11 बजे छात्रा स्कूल से घर लौटी थी. उसने अपना स्कूल बैग घर में रखा और उसके बाद कहीं चली गई. उस समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था. बाद में जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो बैग देखकर पता चला कि वह स्कूल से वापस आई थी, लेकिन घर में नहीं थी. शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.

शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने एक तालाब में किशोरी का शव पानी में तैरता हुआ देखा. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. इसी दौरान खुशबू के परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान की. जब शव को तालाब से बाहर निकाला गया तो उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ मिला. यह दृश्य देखकर परिजन फूट-फूटकर रोने लगे और हत्या की आशंका जताने लगे.

घटना की सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया.

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल से लौटने के बाद खुशबू कहां गई थी और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार