Jharkhand

गढ़वा में आसमानी आफत: बकरी चराने गई महिला पर गिरी बिजली, गांव में पसरा मातम

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

गढ़वा:जिले में शुक्रवार की सुबह आई तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. जिले के कांडी थाना क्षेत्र स्थित बनकट गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृत महिला की पहचान बनकट गांव निवासी भृगु साह की 55 वर्षीय पत्नी सनमति देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह रोज की तरह घर से बाहर बकरी चराने खेत की ओर गई थीं. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. कुछ ही देर में आसमान में तेज गर्जना होने लगी और उसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से सनमति देवी गंभीर रूप से झुलस गईं.

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे. गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.गढ़वा में घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.