Jharkhand

गढ़वा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

गढ़वा(GARHWA): जिले के डंडई थाना क्षेत्र के झोतर गांव में विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई. इस खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में पुरुषों के साथ महिलाएं और एक युवती भी शामिल हैं.

पीड़ित परिवार अपनी जमीन पर नया घर बनाने की तैयारी कर रहा था. इसके लिए जेसीबी मशीन से पिलर निर्माण के लिए खुदाई करवाई जा रही थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई.

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि निर्मल राम, सुरेंद्र राम, रंजीत राम, मनदीप राम, सुभाष राम, अमरजीत राम और अभिषेक राम समेत कई लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

हंगामे और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया और घायलों को हमलावरों के चंगुल से बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को तत्काल डंडई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कई घायलों की हालत गंभीर पाई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया.

घटना में घायल लोगों की पहचान अविनाश राम (33), धर्मेंद्र कुमार राम (27), गोरख राम (27), अनीश कुमार (23), रविशंकर राम (36), चिंता देवी (34), बासमती देवी (58), चंद्रकांता देवी (24) और चांदनी कुमारी (19) के रूप में हुई है. सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. पत्थरों से किए गए हमले में अधिकांश घायलों के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं. कुछ लोगों की हालत देखकर उन्हें आगे के इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया है.