Jharkhand

गढ़वा पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव का बजा बिगुल, 22 जून को होगी वोटिंग, 19 जून से होगा नामाकंन

Varsha Varma CE
Copy Editor
गढ़वा पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव का बजा बिगुल, 22 जून को होगी वोटिंग, 19 जून से होगा नामाकंन

गढ़वा (GARHWA): जिले में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन की शाखा इकाई के चुनाव को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कार्यकारिणी पदाधिकारियों और डेलिगेट प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए 22 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा. इसी दिन मतों की गणना भी पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की जाएगी.

चुनाव कार्यक्रम के तहत अलग-अलग पदों के लिए इच्छुक पुलिसकर्मी 19 जून को नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन प्रक्रिया दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है. वहीं, जिन उम्मीदवारों को किसी कारण चुनाव नहीं लड़ना हो, उन्हें नाम वापस लेने का अवसर भी दिया गया है. नाम वापसी की प्रक्रिया 20 जून को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक संपन्न होगी.

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा. हालांकि इसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति कर दी गई है. झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन की पलामू शाखा के सभापति को मुख्य चुनाव पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा उपसभापति, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, केंद्रीय सदस्य और अंकेक्षक को सहायक चुनाव पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है.

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सबीबुर रहमान, संजय राम, अमित कुमार तिवारी और अजय कुमार सिंह को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है. इनकी जिम्मेदारी चुनाव को विवाद और कदाचार से मुक्त रखना होगी.

एसोसिएशन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूरा चुनाव वर्ष 2022 की चुनाव नियमावली के तहत गुप्त मतदान प्रणाली से कराया जाएगा. केंद्रीय कार्यालय ने यह भी कहा है कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है, तो उसके लिए संबंधित मुख्य चुनाव पदाधिकारी जवाबदेह होंगे और उनके खिलाफ संगठन के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है. चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही विभिन्न पदों के दावेदारों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है.