Jharkhand

गढ़वा में BJP बंद का असर, रंका मोड़ जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

गढ़वा:जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में झारखंड भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का गढ़वा में भी व्यापक असर देखने को मिला. बंद के समर्थन में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सुबह करीब 8 बजे शहर के रंका मोड़ घंटाघर के पास पहुंचे और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक को जाम कर दिया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई.

रंका मोड़ गढ़वा का प्रमुख यातायात केंद्र है. यहां से एनएच-75, एनएच-343 और एनएच-39 की सड़कें गुजरती हैं. भाजपा कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने के कारण तीनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बंद के कारण आम लोगों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए. कार्यकर्ताओं ने 'हेमंत सोरेन मुर्दाबाद', 'राहुल गांधी मुर्दाबाद' और 'इंडी गठबंधन मुर्दाबाद' के नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

बंद को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. रंका मोड़ और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके. पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शन की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे.

भाजपा के गढ़वा जिला अध्यक्ष उदय मेहता ने प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार पर छात्रों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना सरकार की बड़ी गलती है. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों या जिम्मेदार लोगों के निर्देश पर छात्रों पर लाठीचार्ज कराया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

उदय मेहता ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को संवेदनशीलता के साथ कदम उठाना चाहिए. भाजपा नेताओं ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.

 रिपोर्ट:धर्मेन्द्र कुमार