Jharkhand

'हमरो पेट बा...' आवास योजना के पैसे की लीपा-पोती कर रहे थे जनाब, प्रखंड कार्यालय के वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. खरौंधी प्रखंड कार्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरकारी योजना के नाम पर लाभुकों से वसूले गए पैसों का हिसाब-किताब और बंटवारा होता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है.

'हमरो पेट बा...' वाली बातचीत ने बढ़ाया विवाद
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर कहते हुए सुनाई देता है, "हमरो पेट बा की नहीं... आजकल ऑनलाइन के जमाना बा, पैसा तुरंत आवत बा... हमरा पहिले द, ...". यह बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे सरकारी योजनाओं में कथित रिश्वतखोरी से जोड़कर देख रहे हैं.

आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो खरौंधी प्रखंड कार्यालय स्थित आवास को-ऑर्डिनेटर के कक्ष का बताया जा रहा है. वीडियो में कथित तौर पर आवास योजना के लाभुकों से वसूले गए पैसों का हिसाब किया जा रहा है. साथ ही आवास को-ऑर्डिनेटर और पंचायत के एक स्वयंसेवक के बीच रुपयों के बंटवारे की भी तस्वीर सामने आने का दावा किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति आवास को-ऑर्डिनेटर सोनू केशरी हैं, जो कथित रूप से एक-एक लाभुक से ली गई रकम का हिसाब मिलाते नजर आ रहे हैं. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष इसे साजिश बता रहा है.

ग्रामीणों में आक्रोश, जांच और कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि यदि वीडियो सही पाया जाता है, तो यह सरकारी योजनाओं में बिचौलियों और भ्रष्टाचार की गंभीर तस्वीर पेश करता है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

गौरतलब है कि इससे पहले भी गढ़वा जिले के रमना प्रखंड से रिश्वत लेने का एक वीडियो वायरल हुआ था. उस मामले में जांच के बाद अंचल कार्यालय के एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया था. ऐसे में अब खरौंधी प्रखंड का यह नया वायरल वीडियो प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार