Jharkhand

गढ़वा में शिकारी खुद बना शिकार, अवैध भरठुंआ बंदूक से चली गोली, मौके पर मौत

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

गढ़वा(GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शिकारी खुद शिकार बन गया. मामला जिले के बड़गढ़ थाना क्षेत्र के बरकोल खुर्द गांव का है. एक युवक की अवैध भरठुंआ बंदूक से हुए हादसे में मौत हो गई. मृतक की पहचान बरकोल खुर्द निवासी 40 साल के बब्लू लकड़ा के रूप में हुई है.

 अवैध भरठुंआ बंदूक से चली गोली, मौके पर मौत

बताया जाता है कि वह जंगली जानवर के शिकार के उद्देश्य से भरठुंआ बंदूक लेकर जंगल जा रहा था. घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक किराना दुकान से सामान खरीदने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ा, बंदूक रखी बोरी अचानक जमीन पर गिर गई. गिरने के दौरान बंदूक की नाल का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया, जिससे ट्रिगर सक्रिय हो गया और गोली सीधे उसके सीने में जा लगी. गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया. घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में अवैध भरठुंआ बंदूक से दुर्घटनावश गोली चलने के कारण बब्लू लकड़ा की मौत हुई है. मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.घटना के बाद बरकोल खुर्द गांव में शोक का माहौल है. अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस अवैध हथियार के स्रोत सहित अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है.

रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार