Jharkhand

ससुराल आए दामाद जी का हाई वोल्टेज ड्रामा, गुस्से में पानी टंकी पर चढ़ा तो मधुमक्खी ने बना लिया शिकार, फिर हुआ कुछ ऐसा....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीणों को पहले हैरान किया और फिर हंसी-मजाक का विषय भी बना दिया. ससुराल आए एक युवक को अचानक ऐसा जुनून चढ़ा कि वह 55 फीट ऊंची पानी टंकी पर जा चढ़ा. लेकिन ऊपर पहुंचते ही उसका सामना मधुमक्खियों के झुंड से हो गया. इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे गांव को तमाशा देखने पर मजबूर कर दिया.

घटना केतार प्रखंड के चेचरिया गांव की है. जानकारी के अनुसार, श्री बंशीधर नगर निवासी 35 वर्षीय कमलेश गुप्ता अपने ससुराल अंजनिया गांव आया हुआ था. किसी कारणवश वह पास स्थित पानी टंकी पर चढ़ गया. शुरुआत में लोगों को लगा कि युवक कोई साहसिक कारनामा कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी चीख-पुकार सुनाई देने लगी. दरअसल, पानी टंकी पर पहले से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था. कमलेश के वहां पहुंचते ही मधुमक्खियां भड़क गईं और उस पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के लगातार डंक मारने से युवक बुरी तरह घबरा गया और टंकी के ऊपर ही फंस गया. नीचे उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था और लगातार मदद की गुहार लगा रहा था.

युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मामले की सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद केतार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया. इसी दौरान गांव के ही युवा विकास यादव ने साहस का परिचय दिया. स्थिति को गंभीर देखते हुए वह खुद पानी टंकी पर चढ़ गया. ऊपर पहुंचते ही मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी. काफी मशक्कत के बाद उसने घायल कमलेश को संभाला और सुरक्षित नीचे उतार लाया.

घटना के बाद ग्रामीणों ने विकास यादव की बहादुरी की जमकर सराहना की. वहीं बीडीओ प्रशांत कुमार ने भी उसके साहसिक प्रयास की प्रशंसा की और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए पानी टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और घेराबंदी कराने का निर्देश दिया. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग कह रहे हैं कि पानी टंकी पर चढ़ने का शौक तो था, लेकिन मधुमक्खियों ने कुछ ही मिनटों में पूरा जोश ठंडा कर दिया.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार