☰
Jharkhand

हम तीनों को रखने को तैयार है....युवक ने की तीन शादियां, जब खुला राज तो कही ऐसी बात, पढ़िये 

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

गढ़वा(GARHWA):कपिल शर्मा की एक फिल्म आई थी 'किस किसको प्यार करूं....जिसमें एक पति की तीन-तीन बीवियां होती है. खैर, वह तो फिल्म थी, लेकिन झारखंड के गढ़वा जिले में यह फिल्मी सीन हकीकत में उतरता नजर आया है. यहां एक युवक ने एक नहीं, बल्कि तीन-तीन शादियां की है. इस हकीकत वाली कहानी में तीसरी पत्नी पति के घर पहुंचकर हंगामा करती है और उसे अपनाने की गुहार लगाती है. पति के घर जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ.

जब खुला राज तो मच गया बवाल

आजकल तीन-तीन शादियां आम बात हो गई हैं."हम तीनों को रखने को तैयार है.आजकल वीडियो बनाने से क्या होता है? खूब वायरल होगा और कुछ नहीं.लोग एक-दूसरे को लेकर भाग नहीं रहे है.यह बात कोई और नहीं, बल्कि 'किस किसको प्यार करूं' जैसी कहानी जीने वाला तीन बीवियों का पति अर्जुन सिंह बोल रहा है.आपको बताएं कि गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवती अपनी नानी और परिजनों के साथ पति के घर पहुंच गई. युवती ने आरोप लगाया कि हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने के बावजूद उसे पत्नी का अधिकार नहीं दिया जा रहा है.वहीं, युवक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया.

पढ़िये तीसरी पत्नी ने क्या कहा

पीड़िता 22 वर्षीय सबिता कुमारी, गढ़वा थाना क्षेत्र के टंडवा गांव निवासी स्वर्गीय पावन कुशवाहा की पुत्री है. उसने बताया कि अप्रैल 2025 में धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा के साथ श्री बंशीधर नगर स्थित बंशीधर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ था. विवाह में दोनों पक्षों के परिजन भी शामिल हुए थे.सबिता का आरोप है कि शादी के बाद उसे ससुराल में केवल दो दिन रखा गया.इसके बाद अर्जुन उसे अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया, जहां एक सप्ताह रखने के बाद मायके छोड़ने के बहाने पलामू जिले के रेहला में छोड़कर फरार हो गया. किसी तरह वह अपनी नानी के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी.

लड़के के घरवाले भी थे शामिल 

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसकी सास उससे मिलने आती-जाती रही और कहती थी कि अर्जुन की दूसरी शादी से जुड़ा मामला चल रहा है.केस खत्म होने के बाद उसे घर ले जाया जाएगा. इसी दौरान उसे पता चला कि अर्जुन की पहले भी दो शादियां हो चुकी है. यह जानकर वह पूरी तरह टूट गई. इसी बीच एक वर्ष बाद सड़क दुर्घटना में उसके पिता की भी मौत हो गई.सबिता ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद उसकी सास और देवर अमित कुमार ने सगमा बुलाकर उसकी नानी से कहा कि अपनी नातिन की कहीं और शादी कर दीजिए, क्योंकि अर्जुन अब उसे नहीं रखेगा. इसके बाद उसने कई बार पति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

आरोपी पति ने सभी आरोपों को किया खारिज

आखिरकार सबिता अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव पहुंची, जहां उसने अर्जुन को कथित दूसरी पत्नी के साथ घर में देखा.इसके बाद उसने ग्रामीणों के सामने न्याय की गुहार लगाई. ग्रामीणों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए इसे अन्याय बताया. इसके बाद सबिता ने धुरकी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए न्याय की मांग की है.वहीं, इस मामले में अर्जुन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना है कि सबिता के आरोप गलत हैं और उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं है.उन्होंने यह भी कहा कि आजकल दो-तीन शादी करना आम बात हो गई है.उसे जहां जाना है, जा सकती है.फिलहाल पूरे मामले की लिखित शिकायत धुरकी थाना में दी गई है.

रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार