गढ़वा (GARHWA): गढ़वा जिले में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है. देर रात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हालांकि, युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
कहां का है मामला
बता दें, घटना गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव की है. बताया जाता है कि राघवेंद्र सिंह उर्फ राजा सिंह मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए. हालांकि, स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गया. इसके बाद राजा सिंह अपनी मोटरसाइकिल उठाकर घर पहुंचे. लेकिन देर रात वह अपनी गाड़ी से स्कॉर्पियो सवार की तलाश में निकल पड़े. इसी दौरान नावाडीह गांव के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे और राजा सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. फायरिंग के बीच राजा सिंह ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी दोबारा उसी स्थान पर पहुंचे और अपनी गिरी हुई मोटरसाइकिल उठाकर वहां से फरार हो गए.
दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गढ़वा सदर थाना पहुंचकर दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
गढ़वा एसडीपीओ दिलू लोहार ने बताया कि प्रतापपुर में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही पुलिस आसपास के इलाकों मे जाकर भी पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी पता लगा रही है की यह घटना के पीछे की वजह क्या है.
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार
