Jharkhand

गढ़वा: इंजेक्शन लगते ही किशोर की मौत, जांच में मिली एक्सपायरी दवाइयां, मेडिकल स्टोर सील

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गढ़वा (GARHWA): जिले में कथित गलत इलाज और इंजेक्शन से मौत का एक और मामला सामने आया है. बरडीहा थाना क्षेत्र के बरडीहा बाजार में बुखार से पीड़ित 17 वर्षीय अनोज कुमार पाल की इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि प्रज्ञा ड्रग स्टोर में दवा दुकान संचालक के बेटे शशि प्रसाद ने बुखार उतारने के नाम पर इंजेक्शन लगाया था. इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद किशोर की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

मामले की जानकारी मिलते ही बरडीहा के बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने प्रज्ञा ड्रग स्टोर की जांच की और दुकान को तत्काल सील कर दिया. जांच के दौरान बड़ी संख्या में एक्सपायरी दवाइयां बरामद हुईं. अधिकारियों का कहना है कि दुकान बिना वैध ड्रग लाइसेंस के चलाई जा रही थी. इसके अलावा जांच में कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है.

चिकित्सा प्रभारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ ने बताया कि सिफ्ट्रियाक्सोन ग्रुप का इंजेक्शन मरीज की जांच और डॉक्टर की सलाह के बाद ही लगाया जाना चाहिए. शुरुआती जांच में आशंका है कि बिना जरूरी जांच किए इंजेक्शन लगाने से किशोर की तबीयत बिगड़ी होगी. हालांकि मौत की असली वजह का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है. बता दें, गढ़वा जिले में पिछले दो महीनों में इंजेक्शन लगाने के बाद मौत का यह दूसरा बड़ा मामला है.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार